Site icon UP की बात

योगी सरकार हुए सख्त, आयुष्मान अस्पतालों के ICU का होगा ऑडिट

योगी सरकार हुए सख्त

योगी सरकार हुए सख्त

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat Scheme) के तहत मरीजों को बेहतर और सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार (Yogi Government) ने बड़ा कदम उठाया है। अब योजना में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) की विशेष जांच कराई जाएगी। वहीं, इस ऑडिट के जरिए अस्पतालों में आईसीयू की वास्तविक सुविधाओं, चिकित्सा उपकरणों और डॉक्टरों की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। इसके लिए स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) ने संबंधित ऑडिट एजेंसियों को विस्तृत चेकलिस्ट जारी की है। सभी एजेंसियों को 30 नवंबर तक अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

मरीजों की सुरक्षा के लिए शुरू हुआ विशेष ऑडिट

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जोर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर है। इसी उद्देश्य से आयुष्मान योजना में शामिल निजी अस्पतालों की आईसीयू सुविधाओं की जमीनी स्थिति की जांच कराई जा रही है। इसके लिए संबंधित ऑडिट एजेंसियों को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की ओर से जारी पत्र और आईसीयू से जुड़ी विस्तृत चेकलिस्ट उपलब्ध कराई गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि अस्पताल गंभीर मरीजों को इलाज देने के लिए निर्धारित मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं।

तीन श्रेणियों में बांटे गए ICU

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) ने वर्ष 2026 में आईसीयू के संचालन और व्यवस्था को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसमें मरीजों की गंभीर स्थिति के आधार पर आईसीयू को तीन स्तरों में बांटा गया है।

लेवल-1 आईसीयू में ऐसे मरीजों का इलाज किया जाता है, जिन्हें शुरुआती उपचार, निगरानी और सीमित अंग-सहायता की जरूरत होती है। लेवल-2 आईसीयू में दो या उससे अधिक अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर गंभीर मरीजों को रखा जाता है। वहीं, लेवल-3 आईसीयू में सबसे गंभीर मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सहायता दी जाती है।

वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सुविधाओं की भी होगी जांच

ऑडिट के दौरान अस्पतालों में आईसीयू बेड की उपलब्धता, वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन सप्लाई और सक्शन सिस्टम की जांच होगी। इसके अलावा ब्लड बैंक और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता भी देखी जाएगी।

चिकित्सकों की योग्यता, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की संख्या और 24 घंटे चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था का भी आकलन किया जाएगा। इस जांच का उद्देश्य आयुष्मान कार्ड धारकों को गंभीर बीमारी की स्थिति में बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

ये भी पढ़ें: अयोध्या-नेपाल के बीच शुरू हुई ट्रेन, 19 घंटे में पूरा होगा सफर

 

Exit mobile version