Site icon UP की बात

बिजली कटौती से नाराज़ लोगों ने लगाया जाम, ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन

जनपद हापुड़ में लगातार हो रही बिजली कटौती और बाधित विद्युत आपूर्ति से परेशान लोगों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। विद्यानगर, राजनगर और केशव नगर के निवासियों ने सभासद मोनू बजरंग के नेतृत्व में सड़क जाम कर ऊर्जा निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर वाहन और ड्रम रखकर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रखा।जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित है। लगातार बिजली नहीं आने से पेयजल संकट भी गहरा गया है, क्योंकि अधिकांश घरों में पानी की आपूर्ति बिजली पर निर्भर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार मौखिक और लिखित शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।प्रदर्शन की सूचना मिलने पर हापुड़ सदर एसडीएम इला प्रकाश मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही ऊर्जा निगम के अधिकारियों से संपर्क कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थायी समाधान किया जाए।

Exit mobile version