Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिसमें पार्टी इस बार भी प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों की कमान संभाल सकते हैं। खबरों के मुताबिक, अमित शाह हर महीने सात दिन उत्तर प्रदेश में बिताएंगे और संगठन से लेकर सरकार के कामकाज तक की समीक्षा करेंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक अमित शाह अपने यूपी दौरे के दौरान सरकारी योजनाओं के लाभ, संगठन की सक्रियता और जनता के बीच सरकार की छवि का आकलन करेंगे। इसके साथ ही वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगे।
अमित शाह और बीजेपी के बड़े नेताओं की बैठक
वहीं बुधवार रात गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष के बीच अहम बैठक हुई। इससे पहले मथुरा में भी पार्टी की ओर से चुनावी रणनीति को लेकर मंथन किया गया था। बैठक में हुई चर्चा की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दी गई।
बीजेपी का मुख्य फोकस पिछले 12 साल में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर है। पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव और बूथ स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी कर रही है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने वाले लोगों तक सरकार के कामकाज की जानकारी पहुंचाई जा सके।
छह राज्यों के संगठन मंत्री भी संभालेंगे मोर्चा
चुनावी रणनीति के तहत दूसरे राज्यों के छह संगठन मंत्रियों को भी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी दी जा सकती है। ये नेता स्थानीय संगठन के साथ मिलकर काम करेंगे और पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करेंगे। इसके अलावा अयोध्या और मथुरा में हिंदुत्व के मुद्दे के साथ रोजगार, शिक्षा और विकास से जुड़े कार्यों को भी प्रमुखता से जनता के सामने रखा जाएगा।
योगी सरकार के सामने एंटी इनकंबेंसी की चुनौती
बीजेपी लगातार दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है। हालांकि, लंबे समय तक सरकार में रहने के कारण पार्टी के सामने एंटी इनकंबेंसी यानी सत्ता विरोधी माहौल की चुनौती भी है।
इसी को देखते हुए पार्टी केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को उत्तर प्रदेश में सक्रिय करने की योजना बना रही है। अमित शाह की नियमित मौजूदगी के जरिए संगठन, सरकार और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश होगी। अब देखना होगा कि बीजेपी की यह रणनीति 2027 के विधानसभा चुनाव में कितनी सफल होती है।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी आज गोंडा दौरे पर, श्रीराम कथा में बाबा रामदेव भी होंगे शामिल

