अलीगढ़: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जिले के युवाओं के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है। योजना के तहत युवा उद्योग, सेवा और व्यापार आधारित उद्यम स्थापित करने के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे न केवल उनके सपनों को नई उड़ान मिल रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अशोक सोनी ने बताया कि चार जून तक जिले को प्राप्त 2900 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 1252 आवेदन विभिन्न बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं। इनमें से 471 प्रकरणों में ऋण स्वीकृत किया गया है, जबकि 109 लाभार्थियों को ऋण वितरित भी किया जा चुका है। योजना के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान और बैंकिंग संस्थाओं का सहयोग उत्साहजनक परिणाम दे रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से युवा स्वयं का उद्योग, सेवा अथवा व्यापार आधारित उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं। इससे उनकी आय में वृद्धि होने के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी पहल है। यह योजना युवाओं को नौकरी तलाशने वाले से रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमी के रूप में विकसित करने का अवसर प्रदान कर रही है। सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र युवा तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वरोजगार के लिए प्राप्त पात्र आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में और तेजी लाई जाए।
उन्होंने बैंकों से उदार और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील करते हुए कहा कि पात्र युवाओं को अधिकाधिक ऋण स्वीकृत किए जाएं, ताकि वे अपने उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। योगेंद्र कुमार ने कहा कि युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आने वाले समय में इस योजना के माध्यम से और अधिक युवा लाभान्वित होकर जिले की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

