Site icon UP की बात

मथुरा में YEIDA का बड़ा एक्शन, 9 हेक्टेयर अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

मथुरा में YEIDA का बड़ा एक्शन

मथुरा में YEIDA का बड़ा एक्शन

Uttar Pradesh News: यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बता दें आज बुधवार, 25 नवंबर को प्राधिकरण की टीम ने मथुरा की मांट तहसील में व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर करीब 9 हेक्टेयर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। वहीं, इस दौरान अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों और निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। मुक्त कराई गई जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 27 करोड़ रुपये बताया गया है। यह कार्रवाई प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में की गई, जहां भविष्य में हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित की जानी हैं।

27 करोड़ रुपये की जमीन कराई कब्जामुक्त

YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार मीणा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व उप जिलाधिकारी शिवौतार सिंह, अभिषेक शाही, हरी प्रताप सिंह, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी और तहसीलदार मनीष सिंह ने किया। जिसमें अभियान में प्राधिकरण के भूलेख विभाग के राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और प्रोजेक्ट विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। स्थानीय राजस्व और प्रवर्तन टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। प्राधिकरण की टीम ने करीब 90 हजार वर्ग मीटर यानी 9 हेक्टेयर जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

तीन गांवों में हुई कार्रवाई

बता दें यह अभियान मथुरा की मांट तहसील के ग्राम पिपरौली बांगर, चुड़ा हंसी और ग्राम सौर में चलाया गया। ये तीनों गांव YEIDA के अधिसूचित क्षेत्र में आते हैं। यहां की जमीन पर अवैध तरीके से कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं।

प्राधिकरण के मुताबिक, इस क्षेत्र में महत्वाकांक्षी हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर परियोजनाओं का विकास प्रस्तावित है। ऐसे में जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराना विकास योजनाओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है।

अवैध कॉलोनियों पर जारी रहेगी कार्रवाई

YEIDA ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे, अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण ने लोगों को चेतावनी दी है कि बिना अनुमति जमीन पर निर्माण या प्लॉटिंग न करें। भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: यूपी में गठबंधन की राह मुश्किल, सीटों को लेकर दोनों दलों में रार

 

Exit mobile version