Site icon UP की बात

यमुना सिटी में बनेंगे प्राइवेट बिजनेस पार्क, यीडा की मंजूरी

यमुना सिटी में बनेंगे प्राइवेट बिजनेस पार्क

यमुना सिटी में बनेंगे प्राइवेट बिजनेस पार्क

Uttar Pradesh News: यमुना सिटी में अब सिर्फ फैक्ट्रियां ही नहीं, बल्कि आईटी कंपनियों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और बड़े कॉरपोरेट ऑफिसों का इकोसिस्टम भी विकसित होगा। बता दें यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण की 94वीं बोर्ड बैठक में उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को मंजूरी दे दी गई है। इससे यीडा क्षेत्र में निजी निवेश के जरिए आधुनिक बिजनेस पार्क विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है।

जानकारी के लिए बता दें इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में विश्वस्तरीय व्यावसायिक केंद्र तैयार करना है। यहां आईटी, आईटीईएस, रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर और तकनीकी कंपनियों को एक ही परिसर में आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। जेवर एयरपोर्ट के विकास के साथ यमुना सिटी में निवेश और रोजगार की संभावनाओं को भी इससे बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

न्यूनतम 10 एकड़ में विकसित होंगे बिजनेस पार्क

बता दें योजना के तहत प्रत्येक बिजनेस पार्क के लिए कम से कम 10 एकड़ जमीन जरूरी होगी। भूमि की उपलब्धता के आधार पर यीडा अलग-अलग सेक्टरों का चयन करेगा। परियोजनाओं को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इसमें निजी विकासकर्ता डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण और संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

45 साल की मिलेगी रियायत अवधि

निजी विकासकर्ताओं को बिजनेस पार्क विकसित करने के लिए 45 साल की रियायत अवधि दी जाएगी। निर्धारित शर्तें पूरी होने पर इसे अगले 45 साल तक बढ़ाया जा सकेगा। अवधि पूरी होने के बाद परियोजना की संपत्तियां राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दी जाएंगी।

आईटी और ग्लोबल कंपनियों के लिए 50 प्रतिशत जगह

नीति के अनुसार बिजनेस पार्क का कम से कम 50 प्रतिशत क्षेत्र आईटी, नॉलेज बेस्ड सर्विस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और तकनीकी कंपनियों के लिए आरक्षित रहेगा। वहीं, अधिकतम 10 प्रतिशत क्षेत्र में फूड कोर्ट, रिटेल आउटलेट और अन्य सहायक सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।

बड़ी कंपनियों को मिलेगा निवेश का मौका

योजना में विकासकर्ताओं के लिए न्यूनतम 1,000 करोड़ रुपये की नेटवर्थ और पिछले तीन वर्षों में औसतन 500 करोड़ रुपये का वार्षिक टर्नओवर अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा कम से कम सात साल का अनुभव भी जरूरी होगा। विकासकर्ताओं का चयन अग्रिम भूमि प्रीमियम और राजस्व हिस्सेदारी के आधार पर होगा। दोनों को 50-50 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।

अब सेक्टर चिह्नित करेगा यीडा

मिली जानकारी के अनुसार, बोर्ड बैठक में मंजूरी मिलने के बाद अब यीडा उपयुक्त सेक्टरों की पहचान करेगा। इसके बाद भूखंडों की योजना तैयार कर ब्रोशर जारी किया जाएगा। इससे यमुना सिटी में आईटी, तकनीकी सेवाओं और कॉरपोरेट निवेश को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: यीडा क्षेत्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा, छतों पर लगेंगे प्लांट

 

Exit mobile version