फिरोजाबाद: थाना जसराना क्षेत्र के कौरारा बुजुर्ग गांव में बुधवार को देसी शराब और बीयर के ठेके पर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने ठेके में घुसकर जमकर हंगामा किया और बीयर व देसी शराब की बोतलों में तोड़फोड़ कर दी। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाओं का आरोप था कि शराब की बिक्री से गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इसी नाराजगी के चलते महिलाओं ने ठेके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और ठेके में रखी शराब की बोतलों को नुकसान पहुंचाया गया।
ad
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

