प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमाओं का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
370 पर पीएम का बड़ा बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए अनुच्छेद 370 की दीवार गिरा दी है। अब जम्मू-कश्मीर में पूरी तरह भारत का कानून लागू हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश की एकता, अखंडता और संविधान की भावना को मजबूत करता है।
अटल जयंती पर ऐतिहासिक आयोजन
प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 दिसंबर का दिन भारत के लिए विशेष महत्व रखता है। यह दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती का है, जिनके विचार आज भी देश को दिशा देते हैं। इसी दिन महामना मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी की जयंती भी मनाई जाती है। पीएम ने महाराजा बिजली पासी को वीरता, सुशासन और समावेश का प्रतीक बताते हुए उन्हें नमन किया।
65 एकड़ में विकसित हुआ राष्ट्र प्रेरणा स्थल
राष्ट्र प्रेरणा स्थल 65 एकड़ क्षेत्र में लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। यहां स्थापित तीनों कांस्य प्रतिमाएं 65-65 फीट ऊंची और लगभग 42-42 टन वजनी हैं। परिसर में एक अत्याधुनिक म्यूजियम भी बनाया गया है, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई।
ब्रह्मोस मिसाइल और डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश में बन रहे डिफेंस कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में जिस ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत दुनिया ने देखी, वह अब लखनऊ में तैयार की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यूपी का डिफेंस कॉरिडोर वैश्विक पहचान बनाएगा।
अंत्योदय और सुशासन की विरासत
पीएम मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार और अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन के सिद्धांत आज सरकार की नीतियों में स्पष्ट दिखाई देते हैं। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को बीमा और आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिला है।
अटल बिहारी वाजपेयी का विजन और आज का भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने टेलीकॉम, सड़क और मेट्रो जैसी बुनियादी सुविधाओं की नींव रखी थी। आज उसी विजन का परिणाम है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है और देशभर में एक्सप्रेसवे व मेट्रो नेटवर्क तेजी से विकसित हो रहा है।
पीएम मोदी बोले- परिवारवाद की सोच ने छुआछूत का चलन शुरू किया
पीएम मोदी ने कहा- सरदार पटेल ने रियासतों को भारत में मिलाया। लेकिन आजादी के बाद उनके काम और कद को छोटा कर दिया। भाजपा ने सरदार साहब को मान सम्मान दिया। जिसके वो हकदार थे। उनकी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाई।
आदिवासियों को उचित स्थान नहीं दिया गया। हमारी सरकार ने भगवान बिसरा मुंड का भव्य स्मारक बनाया। साथियों, देश भर में ऐसे अनेक उदाहरण हैं। महाराज सुहेलदेव का स्मारक भाजपा सरकार में बना। निषादराज व प्रभु राम की मिलन स्थली को सम्मान मिला।
साथियों, परिवारवाद की राजनीति की एक विशिष्ट पहचान होती है। असुरक्षा से घिरी होती है। इस कारण परिवारवाद दूसरे की लकीर को छोटा करने की प्रवृत्ति होती है। इसी सोच ने भारत में राजनीतिक छूआछूत का चलन शुरू किया। देश में कई पीएम हुए। लेकिन दिल्ली में म्यूजियम में कई पीएम के योगदान को नजरअंदाज किया गया। आज दिल्ली जाएं तो भव्य पीएम संग्रहालय आपका स्वागत करता है। हर पीएम को उचित सम्मान व साथ दिया गया है।
कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने भाजपा को अछूत बनाए रखा
कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने राजनीतिक रूप से भाजपा को अछूत बनाए रखा। भाजपा का संस्कार हमें सभी का सम्मान करना सिखाता है। नरसिम्हा राव व प्रणव बाबू को भारत रत्न दिया गया। ये हमारी सरकार है, जिसने मुलायम सिंह व तरुण गोगोई को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।
कांग्रेस से या सपा से कोई भी ऐसी उम्मीद नहीं कर सकता। इन लोगों के राज में तो भाजपा के नेताओं को सिर्फ अपमान ही मिलता था। भाजपा के डबल इंजन सरकार को बहुत फायदा यूपी को हो रहा है। यूपी 21वीं सदी के भारत में अपनी अलग पहचान बना रहा है। मेरा सौभाग्य है कि मैं यूपी से सांसद हूं। यूपी के मेहनतकश लोग एक नया भविष्य लिख रहे हैं। आज यूपी की चर्चा विकास के लिए होती है।
यूपी पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है। अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, दुनिया में यूपी की नई पहचान बन रहा है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल जैसे स्थान यूपी की नई पहचान बन रही है। यूपी सुशासन समृद्धि के रूप में और बुलंदी हासिल करे। इसी कामना के साथ फिर से राष्ट्र प्रेरणा स्थल की बधाई।
कुल मिलाकर, राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन भारतीय राष्ट्रवाद, अंत्योदय और सुशासन की विचारधारा को समर्पित एक ऐतिहासिक क्षण बन गया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने अतीत की विरासत को वर्तमान और भविष्य के भारत से जोड़ा।

