Site icon UP की बात

सेवा दिवस पर गौतमबुद्धनगर में विविध कार्यक्रम, जगह-जगह जगमगाए ‘आशीर्वाद के दीये’

सेवा दिवस पर गौतमबुद्धनगर में विविध कार्यक्रम, जगह-जगह जगमगाए ‘आशीर्वाद के दीये’

सेवा दिवस पर गौतमबुद्धनगर में विविध कार्यक्रम, जगह-जगह जगमगाए ‘आशीर्वाद के दीये’

गौतमबुद्धनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में जनसेवा, कल्याणकारी गतिविधियों और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

सेवा दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल, नोएडा में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। सांसद डॉ. महेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

नोएडा, बिसरख और जेवर में रक्तदान शिविर

जनसेवा अभियान के तहत IMA भवन नोएडा, बिसरख और जेवर में रक्तदान शिविर लगाए गए। जनप्रतिनिधियों ने शिविरों का शुभारंभ किया, जिसके बाद लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता में योगदान दिया।

किसानों के लिए आयोजित हुई कृषि गोष्ठी

दादरी के कृषि विज्ञान केंद्र छौलस में किसानों के लिए कृषि गोष्ठी आयोजित की गई। विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे सहित कृषि विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में किसान इसमें शामिल हुए। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके बाद ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्वलित किया गया।

वेदवन पार्क में दीप प्रज्वलन के साथ टूल किट वितरण

नोएडा के सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक पंकज सिंह ने दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान पांच लाभार्थियों को टूल किट भी प्रदान की गई। उपस्थित लोगों ने दीप जलाकर सेवा और जनकल्याण के प्रति संकल्प व्यक्त किया।

 

नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में भी हुआ दीप प्रज्वलन

सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नवीन कार्यालय में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों और नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

विश्वकर्मा जयंती पर लाभार्थियों को मिली टूल किट

सूरजपुर स्थित जिला उद्योग केंद्र में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूल किट वितरण कार्यक्रम हुआ। विधायक तेजपाल नागर की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक एवं कौशल आधारित कार्यों से जुड़े लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में स्वरोजगार और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

वृद्धाश्रम और कस्तूरबा विद्यालयों में भी कार्यक्रम

दनकौर के वृद्धाश्रम में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलित कर वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा का संदेश दिया गया। दादरी और दनकौर स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में भी छात्राओं और स्टाफ ने दीप जलाए। इस दौरान छात्राओं ने सेवा, सद्भाव और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

सरकारी संस्थानों के साथ घरों में भी जले दीप

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सरकारी कार्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शिक्षण संस्थानों, विकासखंड कार्यालयों और नगर निकायों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए गए। अभियान में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीण और शहरी परिवारों ने भी अपने घरों पर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर सहभागिता की।

ततारपुर में शुरू हुई प्रेरणा कैंटीन

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम ततारपुर में प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन किया गया। विधायक तेजपाल नागर ने कैंटीन का शुभारंभ किया। इस पहल के माध्यम से महिला समूहों और ग्रामीण क्षेत्र में संचालित गतिविधियों को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया गया।

सेवा और जनभागीदारी का संदेश

गौतमबुद्धनगर में आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, किसानों, लाभार्थियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक भागीदारी से जुड़े संदेश को सामने रखा गया।

 

Exit mobile version