वाराणसी नगर निगम ने काशीवासियों को संपत्तिकर में बड़ी राहत देते हुए कई श्रेणियों में विशेष छूट देने की घोषणा की है। नगर आयुक्त Himanshu Nagpal ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में गृहकर, जलकर और सीवर कर एक साथ जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं, जो लोग संपत्तिकर का एकमुश्त ऑनलाइन भुगतान करेंगे, उन्हें 12 प्रतिशत तक की विशेष छूट मिलेगी।
नगर निगम ने सामाजिक और विशेष वर्गों के लिए भी राहत का प्रावधान किया है। दृष्टिहीन तथा 80 प्रतिशत दिव्यांग भवन स्वामियों को वैध प्रमाण पत्र के आधार पर 100 प्रतिशत संपत्ति कर छूट दी जाएगी। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों को भी पूर्ण कर छूट का लाभ मिलेगा। वहीं पद्मश्री और पद्म भूषण सम्मान प्राप्त भवन स्वामियों को 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि यह छूट 8 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक कर जमा करने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगी। नगर निगम का उद्देश्य लोगों को समय पर कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना और ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
नगर निगम की इस घोषणा के बाद काशीवासियों में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि इस फैसले से बड़ी संख्या में लोग समय पर कर जमा करेंगे और नगर निगम के राजस्व संग्रह में भी वृद्धि होगी।

