Uttar Pradesh Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दरसअल, नवंबर के आखिरी हफ्ते में ठंड का असर बढ़ने लगा है। खासकर सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के कारण लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री बना हुआ है। मौसम के साथ बढ़ते प्रदूषण और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह के समय सड़कों पर धुंध छाने से दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।
दिसंबर के पहले सप्ताह में और बढ़ सकती है ठंड
मौसम में बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और देर रात ठंड बढ़ रही है। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए दिसंबर के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए अभी से सावधानी बरतने की जरूरत है।
कोहरा और प्रदूषण से बढ़ी परेशानी
ठंड के साथ वायु प्रदूषण भी लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। हवा की रफ्तार कम होने और वातावरण में नमी बढ़ने से धूल और धुएं के कण हवा में जमा हो रहे हैं। वातावरण में नमी का स्तर करीब 81 प्रतिशत तक पहुंचने से प्रदूषण का असर बढ़ रहा है। सुबह और रात के समय धुंध के कारण कुछ स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर तक कम होने की आशंका है। इससे वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी की जरूरत
चिकित्सकों के अनुसार, बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ सकता है। ठंड और प्रदूषण के कारण खांसी, जुकाम, गले में खराश और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बच्चों को स्कूल भेजते समय गर्म कपड़े पहनाएं। बुजुर्गों को भी सुबह की ठंडी हवा से बचना चाहिए।
दिल और सांस के मरीज रखें ध्यान
एक्सपर्ट्स ने अस्थमा, सीओपीडी और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रदूषण अधिक होने पर बाहर निकलने से बचें। जरूरी काम से बाहर जाते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें। नियमित दवाएं समय पर लें और परेशानी बढ़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
खानपान और दिनचर्या में करें बदलाव
आयुर्वेदिक चिकित्सकों के अनुसार, सर्दियों में संतुलित और पौष्टिक भोजन करना जरूरी है। खाने में हरी सब्जियां, मौसमी फल, दाल, सूप और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करें। गुनगुना पानी पीएं और शरीर को गर्म रखें। अदरक, तुलसी और हल्दी का संतुलित मात्रा में सेवन कर सकते हैं। पर्याप्त नींद लें और ठंडी चीजों से परहेज करें। बदलते मौसम में थोड़ी सी सावधानी आपको कई मौसमी बीमारियों से बचाने में मदद कर सकती है।
ये भी पढ़ें: सपा के घोषणा पत्र पर पंकज चौधरी का तीखा तंज, कहा- हंसी आती है

