Site icon UP की बात

यूपी में जारी हुई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 13.58 करोड़ वोटर्स के नाम शामिल

यूपी में जारी हुई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

यूपी में जारी हुई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Upcoming Assembly Elections 2027) की तैयारियों के बीच भारतीय निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने मतदाता सूची का ड्राफ्ट (Draft Voter List) जारी कर दिया है। राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए जारी इस ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार से अधिक मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। निर्वाचन आयोग के इस कदम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के मुताबिक, ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता शामिल हैं। इनमें 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता हैं। वहीं, थर्ड जेंडर के 4,042 मतदाताओं के नाम भी लिस्ट में दर्ज हैं।

दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा और आपत्ति

निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया है। इस दौरान जिन नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता अपने नाम, पते और अन्य जानकारियों में संशोधन भी करा सकते हैं।

निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार, प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इस प्रक्रिया में 1 जनवरी 2027 को पात्रता की आधार तिथि माना गया है।

महिला मतदाताओं के अनुपात में हुआ सुधार

बता दें 10 अप्रैल 2026 को जारी पिछली अंतिम मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इस हिसाब से नई ड्राफ्ट सूची (Draft List) में करीब 18.84 लाख मतदाताओं की वृद्धि हुई है। वहीं, महिला मतदाताओं के अनुपात में भी सुधार देखने को मिला है। जिसमें पिछली सूची में प्रति हजार पुरुष मतदाताओं पर 834 महिलाएं थीं, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 840 हो गई है। ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 वर्ष के 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाता भी शामिल हैं।

ऐसे में आगामी यूपी विधानसभा चुनाव (Upcoming UP Assembly Elections) से पहले मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य जानकारियां जांचना जरूरी है, ताकि मतदान के समय किसी तरह की परेशानी न हो।

ये भी पढ़ें: झांसी में बदहाल मुक्ताकाशी मंच, कूड़े से पर्यटक हुए परेशान

Exit mobile version