लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों के निवेश और उत्तर प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इन्वेस्ट यूपी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निवेश, रोजगार, कौशल विकास और पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश और जापान के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित जापानी सिटी के लिए चल रहे भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि कुल 500 एकड़ भूमि में से 350 एकड़ से अधिक का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने शेष प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
जापान के वैश्विक आयोजनों में शामिल होगा यूपी का प्रतिनिधिमंडल
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर में जापान में होने वाले विभिन्न वैश्विक आयोजनों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल भेजा जाए। प्रतिनिधिमंडल में मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योग जगत से जुड़े लोग और संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की निवेश संभावनाओं को जापानी कंपनियों और वैश्विक निवेशकों के सामने प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।
युवाओं के लिए जापानी भाषा और स्किल ट्रेनिंग पर जोर
मुख्यमंत्री ने जापानी भाषा प्रशिक्षण और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को जापान के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर यामानाशी प्रांत में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
जापानी पर्यटकों के लिए विकसित होगा बौद्ध पर्यटन रूट
बैठक में उत्तर प्रदेश के बौद्ध पर्यटन को जापान में बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती और कपिलवस्तु जैसे प्रमुख स्थलों को जोड़ते हुए ऐसा पर्यटन मार्ग विकसित करने को कहा, जिससे जापानी पर्यटक एक ही यात्रा में अधिक से अधिक बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर सकें। उन्होंने बौद्ध सर्किट में पर्यटन सुविधाओं और गतिविधियों का विस्तार करने के भी निर्देश दिए।
ट्रेड शो में जापानी विशेषज्ञ युवाओं से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री ने आगामी ट्रेड शो के दौरान जापानी विशेषज्ञों के साथ विशेष सत्र आयोजित करने को कहा। इन सत्रों के जरिए प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों को जापान के विशेषज्ञों के अनुभव, तकनीकी जानकारी और कार्यशैली से सीखने का अवसर मिलेगा।
सारनाथ और नारा के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव की तैयारी
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सारनाथ और जापान के नारा के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। दोनों ही स्थल यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों के बीच सांस्कृतिक और पर्यटन सहयोग बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
यामानाशी के साथ पर्यटन सहयोग बढ़ाने पर जोर
उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रांत के बीच द्विपक्षीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दोनों क्षेत्रों के टूर ऑपरेटरों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग विकसित करने पर भी जोर दिया गया। इससे पर्यटकों के आवागमन और पर्यटन कारोबार से जुड़े नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। बैठक में मुख्यमंत्री ने निवेश, रोजगार, कौशल विकास और पर्यटन को उत्तर प्रदेश-जापान सहयोग का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए संबंधित विभागों को इन क्षेत्रों में तेजी से काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

