फिरोजाबाद: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा क्षेत्रीय दलों को खत्म नहीं कर रही, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी और समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी।
फिरोजाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रो. यादव ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों को ममता बनर्जी ने राजनीतिक पहचान दी, मंत्री, विधायक और सांसद बनाया, वही लोग आज उनके साथ विश्वासघात कर रहे हैं।
ad
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के एनडीए में शामिल होने की अटकलों और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “रामदास आठवले की बात को आखिर कौन गंभीरता से लेता है।”
उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव होगा। समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव में किसी प्रकार की धांधली करने का प्रयास किया गया तो पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से उसका मुकाबला करेंगे।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद में ही दो दिनों के भीतर डकैती की घटनाएं सामने आई हैं। सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा ध्यान केवल एनकाउंटर की राजनीति पर केंद्रित है, जबकि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हो रहा।
सपा नेता के इन बयानों के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उनके बयान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और भाजपा के खिलाफ सपा के आक्रामक रुख के रूप में देखा जा रहा है।

