मऊ जंक्शन पर नई ट्रेन के उद्घाटन और ट्रेनों के विस्तार कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के एक बयान पर घोसी से सांसद राजीव राय नाराज हो गए। कार्यक्रम के दौरान मंच से दिए गए बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद सांसद ने सार्वजनिक रूप से अपनी आपत्ति दर्ज कराई और कार्यक्रम समाप्त होने से पहले ही वहां से रवाना हो गए।
नई ट्रेन के उद्घाटन के लिए आयोजित था कार्यक्रम
रेलवे द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में दो ट्रेनों के विस्तार और एक नई ट्रेन के उद्घाटन की घोषणा की गई। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और घोसी सांसद राजीव राय को आमंत्रित किया गया था।
ad
कार्यक्रम से पहले सपा कार्यकर्ताओं का हंगामा
कार्यक्रम शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में पहुंचे सपा समर्थकों को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके बाद उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर पुलिस लाइन भेज दिया।
मंच पर साथ दिखे दोनों नेता
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सांसद राजीव राय अपने कुछ समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच पर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और सांसद राजीव राय ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और कार्यक्रम सामान्य रूप से आगे बढ़ता दिखाई दिया। हालांकि, ऊर्जा मंत्री के संबोधन के दौरान माहौल एक बार फिर गर्म हो गया।
मंत्री के बयान पर जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी के बीच ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि “ऊर्जा बचाकर रखिए, अगर कोई प्लांट कब्जा कर ले तो यह काम आएगी। मंत्री की इस टिप्पणी के बाद सांसद राजीव राय अपनी सीट से खड़े हो गए और रेलवे अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
सांसद राजीव राय ने लगाया अपमान का आरोप
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद राजीव राय ने आरोप लगाया कि उन्हें मंच पर बुलाकर अपमानित किया गया। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों और महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया।राजीव राय ने प्लांट कब्जाने से जुड़े आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि इस प्रकार के आरोप लगाने वालों को स्वयं जवाब देना चाहिए।
पहले भी हो चुका है विवाद
गौरतलब है कि लगभग एक माह पहले देवरी घाट में मेमू ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान भी ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और सांसद राजीव राय के समर्थकों के बीच विवाद की स्थिति सामने आई थी।ऐसे में मऊ जंक्शन पर हुआ यह नया घटनाक्रम जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है और दोनों नेताओं के बीच बढ़ती राजनीतिक तल्खी को लेकर नए सवाल खड़े कर रहा है।

