Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में योगी सरकार (Yogi Government) को बड़ी सफलता मिलती दिखाई दे रही है। ताइवान की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक. उत्तर प्रदेश में करीब 1,141 करोड़ रुपये का निवेश करने की तैयारी में है। कंपनी के चेयरपर्सन यूजीन हुआंग ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस निवेश से प्रदेश में 1,150 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
1,141 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव
जानकारी के लिए बता दें ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक. ने उत्तर प्रदेश में लगभग 122 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी 1,141 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। जिसमें कंपनी एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अपनी विनिर्माण इकाई स्थापित करना चाहती है। मुलाकात के दौरान कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य सचिव इंफ्रास्ट्रक्चर एवं इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट आलोक कुमार से भी बातचीत की।
यूजीन हुआंग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी कार्यप्रणाली और निवेश के अनुकूल माहौल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहा बुनियादी ढांचा और उद्योगों के लिए तैयार किया गया सकारात्मक वातावरण वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।
ताइवान सिटी और सेमीकंडक्टर परियोजना पर चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कंपनी के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए प्रस्तावित निवेश पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में अपनी पहचान बना रहा है। राज्य सरकार एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों को हर संभव सहयोग देगी।
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 300 एकड़ में विकसित हो रही ताइवान सिटी और सेमीकंडक्टर इकाई को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
1,150 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
प्रस्तावित परियोजना से प्रदेश में 1,150 से अधिक नए रोजगार मिलने की संभावना है। इनमें स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन क्षेत्र के पेशेवरों के लिए 200 से अधिक उच्च कौशल वाली नौकरियां शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस इकाई की स्थापना से आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
क्या बनाती है क्रिएटिव सेंसर इंक.?
ताइपे मुख्यालय वाली क्रिएटिव सेंसर इंक. की स्थापना 1998 में हुई थी। कंपनी इमेज सेंसर, कैमरा, इंफ्रारेड सेंसर मॉड्यूल, प्रिसीजन इलेक्ट्रॉनिक्स और एआई आधारित इमेज प्रोसेसिंग तकनीक में विशेषज्ञता रखती है। इस निवेश से उत्तर प्रदेश को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन से जोड़ने और आधुनिक तकनीक के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में रेड अलर्ट और ब्लैकआउट का हुआ अभ्यास

