ग्रेटर नोएडा: स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन मंगलवार को करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान एयरपोर्ट की तैयारियों और आधुनिक सुविधाओं की जानकारी प्रतिनिधिमंडल को दी गई।
पारंपरिक तरीके से हुआ राष्ट्रपति का स्वागत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने पर गाइ पारमेलिन और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारतीय परंपरा के अनुसार अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति और प्रतिनिधिमंडल के लिए एयरपोर्ट के बोर्ड रूम में एक विशेष प्रस्तुति आयोजित की गई। प्रेजेंटेशन के जरिए एयरपोर्ट के निर्माण, संचालन और उपलब्ध सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इस दौरान राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित भी किया।
एयरसाइड और एटीसी टावर का किया निरीक्षण
प्रेजेंटेशन के बाद स्विस राष्ट्रपति, उनकी पत्नी और प्रतिनिधिमंडल के कुछ अधिकारियों ने एयरपोर्ट के एयरसाइड क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी एटीसी टावर का भी निरीक्षण किया और एयरपोर्ट के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझा। वहीं, प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल बिल्डिंग, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट, एप्रन और बैगेज रिक्लेम एरिया सहित कई प्रमुख हिस्सों का जायजा लिया।
भारतीय संगीत के बीच हुआ ग्रुप फोटो
दौरे के दौरान एयरपोर्ट परिसर में भारतीय संगीत की प्रस्तुतियों के बीच स्विस प्रतिनिधिमंडल का ग्रुप फोटो भी कराया गया। करीब दोपहर 2 बजे राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन समेत प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट परिसर से रवाना हो गया।
ज्यूरिख एयरपोर्ट की कंपनी कर रही है विकास
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। यह कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। स्विस राष्ट्रपति का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दौरा भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक, तकनीकी और बुनियादी ढांचे से जुड़े सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसीईओ वंदना त्रिपाठी, एनआईए के सीईओ क्रिस्टोफ सैल्मन और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरण जैन समेत प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

