Site icon UP की बात

छोटी काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, DM-SP ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल |

लखीमपुर खीरी: सावन के चौथे सोमवार पर लखीमपुर खीरी की छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में आस्था का सैलाब देखने को मिला। शहर की सड़कें भगवा रंग में रंगी नजर आईं और कांवड़ियों के जत्थे ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ मंदिर की ओर बढ़ते दिखाई दिए।कांवड़ियों के स्वागत और अभिनंदन के लिए कॉरिडोर परिसर में विशेष व्यवस्था की गई। यहां डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने मंच से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ और एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने भी शिवभक्तों का अभिनंदन किया।

DM ने पैदल भ्रमण कर परखी व्यवस्थाएं

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कांवड़ मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र समेत तमाम व्यवस्थाओं को मौके पर परखा।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी शिवभक्त को परेशानी न हो और हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुविधाजनक हो।

24 घंटे अलर्ट रहा प्रशासन

भारी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहीं।सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए।छोटी काशी में सावन के चौथे सोमवार पर आस्था और भक्ति का ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शिवभक्तों का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत कर उनका उत्साह बढ़ाया।

Exit mobile version