Site icon UP की बात

यूपी में गठबंधन की तैयारी हुई शुरू, कांग्रेस ने सौंपी सीटों की सूची

यूपी में गठबंधन की तैयारी हुई शुरू

यूपी में गठबंधन की तैयारी हुई शुरू

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Assembly Election 2027) को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे की बातचीत तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर दूसरे दौर की चर्चा होने वाली है। इससे पहले कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को अपनी सीटों की नई सूची सौंप दी है। वहीं, सपा ने भी अपना प्रस्ताव कांग्रेस को भेज दिया है। इस बीच सपा ने सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए बनाई गई अपनी कमेटी में अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद को शामिल करने का फैसला किया है।

कांग्रेस की लिस्ट पर सपा करेगी चर्चा

सपा सांसद राजीव राय ने बताया कि कांग्रेस की ओर से सीटों की सूची मिल चुकी है। समाजवादी पार्टी ने भी अपना प्रस्ताव कांग्रेस को भेज दिया है। अब दोनों दल एक-एक सीट पर चर्चा करेंगे और आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा तय करने की कोशिश करेंगे।

राजीव राय के मुताबिक, सपा और कांग्रेस के गठबंधन में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। दोनों पार्टियों का मुख्य उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को हराना है। इसके लिए जरूरी है कि गठबंधन ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करे। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता लगातार संपर्क में हैं। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में सभी सीटों को ध्यान में रखकर चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है। सीटों पर सहमति बनाने में समय लग सकता है।

सपा की कमेटी में अवधेश प्रसाद को मिली जगह

सीट बंटवारे पर बातचीत को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी कमेटी में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने फैजाबाद (अयोध्या) के सांसद अवधेश प्रसाद को भी इस कमेटी में शामिल करने का फैसला लिया है। इस कमेटी में पहले रामगोपाल यादव, राजीव राय, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सांसद इकरा हसन शामिल थे। अब अवधेश प्रसाद के जुड़ने से कमेटी में एक और वरिष्ठ नेता की भूमिका होगी।

181 सीटों की मांग से पीछे हटी कांग्रेस

सपा और कांग्रेस के बीच सोमवार को दिल्ली में सीट बंटवारे को लेकर बैठक हुई थी। यह बैठक करीब 20 मिनट तक चली। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने पहले 181 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग की थी। अब पार्टी ने अपनी मांग में बदलाव किया है।

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर सीटों पर अपना दावा पेश किया है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 6 पर जीत दर्ज की थी। वहीं, समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीती थीं। अब दोनों दलों की बातचीत पर नजर है। आने वाले दिनों में यह साफ हो सकता है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस कितनी सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी।

ये भी पढ़ें: गढ़मुक्तेश्वर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 40 लाख श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

 

Exit mobile version