Siddharthnagar News: जिले के डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के सेमरहना गांव में इन दिनों भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। बता दें यहां आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा (Shri Ram Katha) में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो गया है। यह भव्य धार्मिक आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह ने अपने पिता स्वर्गीय बलराम सिंह की पुण्य स्मृति में कराया है।
विजय कौशल जी महाराज सुना रहे श्रीराम कथा
सेमरहना गांव में आयोजित श्रीराम कथा में मथुरा से पधारे प्रख्यात कथावाचक विजय कौशल जी महाराज अपनी ओजस्वी वाणी से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का वर्णन कर रहे हैं। जिसमें उनकी कथा सुनने के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
वहीं, विशाल पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। महाराज अपने प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीराम के त्याग, मर्यादा, आदर्श और जीवन मूल्यों का संदेश दे रहे हैं।
पिता की स्मृति में हर साल होता है आयोजन
जानकारी के लिए बता दें इस धार्मिक आयोजन के आयोजक जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह ने बताया कि वह प्रत्येक वर्ष अपने पिता स्वर्गीय बलराम सिंह की पुण्य स्मृति में श्रीराम कथा का आयोजन कराते हैं। जिसमें उनका मुख्या उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भगवान श्रीराम के आदर्शों, संस्कारों और मर्यादित जीवन की प्रेरणा पहुंचाना है। साथ ही, उन्होंने बताया कि श्रीराम कथा के आयोजन से लोगों को धर्म और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से सीख लेने की प्रेरणा मिलती है।
5 नवंबर को होगा श्रीराम कथा का समापन
सात दिवसीय श्रीराम कथा का समापन 5 नवंबर को होगा। इस अवसर पर हवन-पूजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में फिलहाल, सेमरहना गांव में श्रीराम कथा के माध्यम से भक्ति, श्रद्धा और संस्कारों की त्रिवेणी बह रही है। विजय कौशल जी महाराज के प्रवचन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति के साथ बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें: पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद-2026: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के लिए किया प्रेरित

