Uttar Pradesh News: अगर आपकी उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है और अभी तक मतदाता सूची में आपका नाम नहीं जुड़ा है, तो आपके पास मतदाता बनने का एक और मौका है। बता दें श्रावस्ती जिले में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची (Voter List) में नए नाम जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का मुख्या उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित होने से बचाना है।
जानकारी के लिए बता दें जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (Special Electoral Roll Revision Campaign) के तहत जिले में चल रहे शिविरों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तिलकपुर और पाण्डेय पुरवा स्थित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों की जानकारी ली। जिले के सभी 921 मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए, जहां नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।
18 साल पूरे करने वाले युवा भरें फार्म-6
अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
22, 28 और 29 नवंबर को भी लगेंगे शिविर
जिला प्रशासन की ओर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत 22 नवंबर को भी विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 28 और 29 नवंबर को भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन सभी निर्धारित तिथियों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। नागरिक अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
प्रशासन के अनुसार, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के इच्छुक पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर आवेदन करें। वहीं, मतदाता सूची में किसी तरह की गलती होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा और आपत्ति भी दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि नाम शामिल नहीं है, तो समय रहते आवेदन करें, ताकि आगामी चुनावों में मतदान के अधिकार का इस्तेमाल किया जा सके।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी आज पहुंचेंगे लखनऊ, सुरक्षा में 4400 पुलिसकर्मी हुए तैनात

