गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा को लेकर एक विशेष सेल्फ-डिफेंस प्रोग्राम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कवच संस्था द्वारा प्रदान किया गया, जो लंबे समय से आत्मरक्षा तकनीकें सिखाने का कार्य कर रही है और इसके प्रशिक्षकों ने पहले कई आर्मी कमांडो और फौजियों को भी प्रशिक्षण दिया है।
कार्यक्रम में गाजियाबाद महिला पुलिस बल ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षकों ने पुलिसकर्मियों को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों से अवगत कराया, जिनमें सरल उपाय भी शामिल थे। ये तकनीकें महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में खुद को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर दूसरों की रक्षा करने की क्षमता प्रदान करती हैं।
गाज़ियाबाद अडिशनल कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण न केवल महिला पुलिस बल की क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जीवन में आत्मरक्षा सीखना बेहद आवश्यक है, क्योंकि यह हर चुनौती का डटकर सामना करने की शक्ति देता है।
एसीपी प्रिया श्रीपाल ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि कवच संस्था द्वारा सिखाई गई तकनीकें व्यावहारिक जीवन में बेहद कारगर साबित होंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिला पुलिस बल को समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए ताकि वे अपनी स्किल्स को निरंतर अपडेट रख सकें और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने में सक्षम रहें।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने कई नई तकनीकें सीखीं और इसे प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताया। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई और वे किसी भी चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम महसूस कर रही हैं।