चंदौली जिला मुख्यालय पर उस समय माहौल गरमा गया जब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। सपा कार्यकर्ता जनहित से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे।
पुलिस द्वारा रास्ते में रोकने के प्रयास के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में धक्कामुक्की में बदल गई। घटना के बाद जिला मुख्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
ad
ज्ञापन देने जा रहा था सपा का प्रतिनिधिमंडल
समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बिजली संकट, नहरों में पानी की उपलब्धता, सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार सहित पांच प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने जा रहा था।सपा नेताओं का आरोप है कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन गंभीर नहीं है और आम जनता को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस रोकने पहुंची, बढ़ा विवाद
प्रतिनिधिमंडल को आगे बढ़ने से रोकने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की होने लगी।घटना से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पांच मुद्दों पर आंदोलन की चेतावनी
समाजवादी पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि बिजली कटौती, सिंचाई के लिए नहरों में पानी की उपलब्धता, सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और अन्य जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं को लेकर सपा लगातार संघर्ष करती रहेगी।
राम मंदिर दान प्रकरण पर भी सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने अयोध्या राम मंदिर दान प्रकरण को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है, लेकिन सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मनोज सिंह ने आरोप लगाया कि मामले में पारदर्शी जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेगी।

