आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बसहीं मोड़ के पास बच्चों को लेकर स्कूल जा रही एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दूसरी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र यूनुस की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र को मामूली चोटें आई हैं। बस में घटना के समय 45 से अधिक छात्र सवार थे।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जामिया फैज-ए-आम, शेखूपुर की स्कूल बस बनारपुर गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस जैसे ही बसहीं मोड़ के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, बच्चों को सुरक्षित निकाला
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाला यूनुस बनारपुर गांव का रहने वाला था और दूसरी कक्षा में पढ़ता था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उसकी मां नाजिया का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर देवगांव कोतवाली पुलिस और लालगंज के क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सीओ ने बताई हादसे की शुरुआती वजह
लालगंज के सीओ ने बताया कि स्कूल बस सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई थी और विद्युत पोल के सहारे लटक गई। ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

