गोरखपुर। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘P से पंडित, P से पिछड़ा’ वाले बयान पर पलटवार किया है। गोरखपुर पहुंचे संजय निषाद ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग पिछड़ों का नाम तो लेते हैं, लेकिन काम अपने लिए करते हैं।
संजय निषाद ने कहा कि पिछड़ों, दलितों और शोषित वर्ग के अधिकारों को सुनिश्चित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन वर्गों को शिक्षा के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में लाया जाना चाहिए। मंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछड़े और वंचित वर्ग लंबे समय तक अपने अधिकारों और अवसरों से दूर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण पिछड़े वर्ग के लोगों को अपेक्षित अवसर नहीं मिल सके। उन्होंने कहा कि आज ‘P’ का अर्थ पिछड़ा और पीड़ित वर्ग भी है। सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए संजय निषाद ने कहा कि बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को अनाज और आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।संजय निषाद ने पिछड़ों के अधिकार और 27 प्रतिशत आरक्षण को लेकर भी विपक्ष से सवाल किए। उन्होंने पूछा कि पिछड़ों के साथ धोखा किसने किया और 27 प्रतिशत आरक्षण पर किसका कब्जा रहा।
मंत्री ने कहा कि पिछड़े, दलित और शोषित वर्ग के लोगों को उनके अधिकार दिलाने के लिए शिक्षा और विकास के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल पिछड़ों का नाम लेने से उनका कल्याण नहीं होगा, बल्कि उनके लिए वास्तविक रूप से काम करना भी जरूरी है।

