Site icon UP की बात

Kargil Vijay Diwas : कारगिल विजय दिवस पर वीरों को नमन, युवाओं को मिला देशभक्ति का संदेश

लखीमपुर खीरी: कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर पूरे देश के साथ लखीमपुर खीरी में भी वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भारतीय सेना के सेवानिवृत्त पूर्व सैनिकों ने अमर शहीदों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद दोपहर 12:30 बजे प्रहार डिफेंस एकेडमी में उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था के तत्वावधान में एक प्रेरणादायी समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेना, अर्धसैनिक बलों और अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर धनंजय प्रसाद सिंह रहे। इस दौरान संस्था के नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई और उन्हें तिरंगा पताका, कैप तथा बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।पूर्व सैनिकों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि जीवनभर राष्ट्र सेवा की भावना के साथ समाज का मार्गदर्शन करता रहता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्र सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विंग कमांडर धनंजय प्रसाद सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने विषम परिस्थितियों में असंभव प्रतीत होने वाली चुनौती को स्वीकार कर विजय हासिल की और देश का गौरव बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि प्रहार डिफेंस एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा भविष्य में सेना और सुरक्षा बलों में शामिल होकर देश सेवा का सपना देख रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी पूर्व सैनिकों, अतिथियों और विद्यार्थियों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट : सुरजीत चानी

Exit mobile version