सिद्धार्थनगर: डुमरियागंज क्षेत्र में बहने वाली राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आसपास के इलाकों में बाढ़ और जलजमाव की स्थिति बन रही है। बड़हरा गांव भी पानी से घिर गया है। गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी कटान की चपेट में बताया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों का सड़क संपर्क प्रभावित होने की आशंका है।
बड़हरा गांव में पहुंचे जिलाधिकारी
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बड़हरा गांव का दौरा किया। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। डीएम ने प्रभावित इलाकों और गांव तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग का मौके पर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को नदी के जलस्तर और संपर्क मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए कहा गया है।
नेपाल और स्थानीय बारिश से बढ़ा नदी का जलस्तर
जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल के साथ-साथ जिले में हो रही बारिश के कारण राप्ती नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। नदी का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंचने के कारण डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कई गांवों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव की तैयारियां की जा रही हैं।
संपर्क मार्ग कटा तो नाव से होगा आवागमन
बड़हरा गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर कटान की स्थिति को देखते हुए प्रशासन विशेष निगरानी कर रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि मार्ग कट जाता है और सड़क से आवागमन बाधित होता है तो ग्रामीणों की आवाजाही के लिए नाव की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों को आवागमन और जरूरी सेवाओं को लेकर परेशानी न हो।
जरूरत पड़ने पर राहत सामग्री की होगी व्यवस्था
डीएम ने कहा कि यदि बाढ़ की स्थिति और गंभीर होती है तो प्रभावित परिवारों के लिए बाढ़ राहत किट, लंच पैकेट और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था कराई जाएगी। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में स्थिति की निगरानी के साथ राहत व्यवस्था को लेकर भी तैयारी की जा रही है।
बारिश रुकने से जलस्तर घटने की उम्मीद
जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल में फिलहाल बारिश रुकने की जानकारी मिली है। ऐसे में आने वाले समय में राप्ती नदी के जलस्तर में कमी आने की उम्मीद है। हालांकि प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी जारी रखी जाएगी।
रिपोर्ट: रवि प्रकाश पाण्डेय

