लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कई निचले इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। फैजुल्लागंज समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी घरों और सड़कों तक पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालात का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर करीब 3 बजे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
फैजुल्लागंज में होगा हवाई सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत फैजुल्लागंज से करेंगे। यहां वह हवाई सर्वेक्षण के जरिए बाढ़ और जलभराव की मौजूदा स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात करेंगे और राहत सामग्री का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल और प्रभावित इलाकों में तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इटौंजा में भी बांटी जाएगी राहत सामग्री
फैजुल्लागंज के अलावा इटौंजा क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित करेंगे। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने में जुटी हैं।राहत सामग्री के जरिए प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
राहत और बचाव अभियान की समीक्षा करेंगे मुख्यमंत्री
बाढ़ प्रभावित इलाकों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ले सकते हैं। हवाई सर्वेक्षण के माध्यम से जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति देखने के साथ प्रभावित लोगों की समस्याओं को भी समझने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों और अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों को लगातार जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है।

