ग्रेटर नोएडा: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 6 अक्टूबर को अतिविशिष्ट और विशिष्ट महानुभावों के कार्यक्रम को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहन (HGV), मध्यम मालवाहक वाहन (MGV) और हल्के मालवाहक वाहन (LGV) के संचालन में आवश्यकतानुसार डायवर्जन किया जाएगा।यातायात पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के मार्गों पर जरूरत के अनुसार कुछ समय के लिए यातायात डायवर्ट किया जा सकता है। हालांकि, एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा मालवाहक वाहनों का डायवर्जन
जेवर-टप्पल मार्ग: गोपालगढ़ की ओर से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए नोएडा/ग्रेटर नोएडा आने वाले कॉमर्शियल मालवाहक वाहन जेवर से खुर्जा जंक्शन होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।सिकंदराबाद/ककोड़ से आने वाले वाहन: जेवर होकर यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा की ओर आने वाले कॉमर्शियल वाहनों को कासना-चचूरा नहर पुल से खेली होकर आगे भेजा जाएगा।आगरा की ओर से आने वाला यातायात: जेवर टोल से पहले बने यू-टर्न से वाहनों को आगरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद यातायात अलीगढ़-टप्पल होकर अपने गंतव्य तक जा सकेगा।नोएडा/ग्रेटर नोएडा से आगरा जाने वाले वाहन: यमुना एक्सप्रेसवे के बजाय परीचौक से अलग किए गए कॉमर्शियल वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद से आने वाले वाहन: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए आगरा, मथुरा, लखनऊ और अन्य क्षेत्रों में जाने वाले वाहन बील अकबरपुर से उतरकर एनएच-91 का इस्तेमाल कर सकेंगे।पलवल से आने वाले वाहन: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए अन्य स्थानों पर जाने वाले वाहनों के लिए सिरसा लूप से उतरना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील
गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि डायवर्जन के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। यातायात से जुड़ी किसी समस्या या सहायता के लिए 9971009001 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है

