Site icon UP की बात

लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे राजनाथ सिंह, फैजुल्लागंज में बाढ़ पीड़ितों को बांटेंगे राहत सामग्री

लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे राजनाथ सिंह, फैजुल्लागंज में बाढ़ पीड़ितों को बांटेंगे राहत सामग्री

लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे राजनाथ सिंह, फैजुल्लागंज में बाढ़ पीड़ितों को बांटेंगे राहत सामग्री

लखनऊ।  केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह 15 अक्टूबर से तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करने के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे। उनके दौरे में दुर्गा पूजा कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम भी निर्धारित है। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने रक्षा मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी।

15 अक्टूबर को फैजुल्लागंज में राहत सामग्री वितरण

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राजनाथ सिंह 15 अक्टूबर, गुरुवार को नई दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 3:35 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से फैजुल्लागंज क्षेत्र के आईआईएम रोड स्थित अल्लूनगर डिगुरिया चौक पहुंचेंगे। यहां शाम 4 बजे बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार, रक्षा मंत्री बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता को लेकर संवेदनशील हैं। राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम के बाद वह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात करेंगे और निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

16 अक्टूबर को सामाजिक संगठनों से करेंगे मुलाकात

दौरे के दूसरे दिन, शुक्रवार 16 अक्टूबर को राजनाथ सिंह कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह अलग-अलग क्षेत्रों में शोक संतप्त परिवारों के घर पहुंचकर दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि देंगे और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त करेंगे।

 

 

जानकीपुरम के दुर्गा पूजा कार्यक्रम में होंगे शामिल

शुक्रवार शाम 6 बजे रक्षा मंत्री जानकीपुरम के सेक्टर-ई स्थित राम-राम बैंक चौराहे पर आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास लौटेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।

17 अक्टूबर को दिल्ली के लिए होंगे रवाना

तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शनिवार, 17 अक्टूबर को राजनाथ सिंह अपने आवास पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता पर रहेगा जोर

राजनाथ सिंह के इस दौरे में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के साथ जनसंपर्क और सामाजिक कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी गई है। फैजुल्लागंज में राहत सामग्री वितरण और विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात के जरिए वह स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।

 

Exit mobile version