बलिया : उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश की सड़कों को बेहतर बनाने और आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा देने के दावे लगातार कर रही है, लेकिन बलिया जिले के रेवती ब्लॉक के हरीहाकला गांव में सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। गांव में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य पिछले तीन दिनों से कराया जा रहा था, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की परत हाथ से ही उखड़ रही है और नीचे से धूल निकल रही है। उनका कहना है कि सड़क पर वाहन चलते ही वह दबने और क्षतिग्रस्त होने लगती है। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि सड़क में नीचे बिछाई गई गिट्टी ऊपर दिखाई दे रही है, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप नहीं किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क राम जानकी मंदिर से लेकर सुनील कुमार के घर तक लगभग दो किलोमीटर लंबाई में बनाई जा रही है। लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर कई बार विरोध किया गया और काम रुकवाने की कोशिश भी की गई, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश हो गई तो सड़क एक बरसात भी नहीं झेल पाएगी और पूरी तरह टूट जाएगी। ग्रामीणों ने दावा किया कि पहले की पुरानी सड़क वर्तमान निर्माण से कहीं बेहतर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में पूरी तरह अनियमितता बरती जा रही है और जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों के बावजूद ध्यान नहीं दे रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण की जांच कराने और मानकों के अनुरूप दोबारा कार्य कराने की मांग की है।

