गौतमबुद्धनगर में 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से बाइक रैली निकाली गई। जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
लोक अदालत के लिए निकाली गई बाइक रैली
रैली में करीब 30 बाइक के साथ ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। बाइक रैली दीवानी न्यायालय से शुरू होकर एलजी चौक, जगतफार्म होते हुए परीचौक तक पहुंची। इस दौरान लोगों को पेम्पलेट वितरित कर 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी गई।
12 सितंबर को जिला और तहसील न्यायालयों में आयोजन
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर, शनिवार को सुबह 10 बजे से जिला मुख्यालय और सभी तहसील न्यायालयों में किया जाएगा। इसमें ऐसे मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा, जिनमें पक्षकार समझौते के लिए तैयार हों।लोक अदालत में मोटर वाहन चालान, ई-चालान, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, वैवाहिक विवाद, दीवानी मामले, एनआई एक्ट, बिजली से जुड़े मामले, भू-राजस्व और छोटे आपराधिक मामलों समेत कई प्रकरणों का निस्तारण किया जा सकेगा।
प्री-लिटिगेशन मामलों का भी होगा समाधान
राष्ट्रीय लोक अदालत में अदालत में लंबित मामलों के अलावा कई प्री-लिटिगेशन मामलों को भी समझौते के आधार पर निपटाने का अवसर मिलेगा। इनमें बैंक लोन, बिजली बिल और बीएसएनएल के बिल से संबंधित मामले शामिल हैं।जिला न्यायाधीश ने लोगों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के जल्द और सरल निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं। लोक अदालत से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए 7678643985 पर संपर्क किया जा सकता है।राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों की आपसी सहमति से मामलों का त्वरित और सरल समाधान उपलब्ध कराना है।

