ग्रेटर नोएडा: जेवर में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए पर्यावरण संरक्षण संकल्प के अनुपालन में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के उद्यान विभाग द्वारा व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस वर्ष अभियान की थीम ‘एक पेड़ मां के नाम’ रखी गई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का संदेश भी दिया गया।
अभियान का शुभारंभ जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने शांति देवी महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर किया। कार्यक्रम में यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी नंद किशोर, महाप्रबंधक परियोजना राजेंद्र सिंह भाटी सहित प्राधिकरण के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते बल्कि मानव जीवन, जल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हरित विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में वनाच्छादित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्र में हरित आवरण 6 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम के दौरान यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर लगभग 25 हजार पौधों का रोपण किया गया। इनमें नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन सहित कई देशी और पर्यावरण के लिए लाभकारी प्रजातियां शामिल थीं। पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया।
यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी माध्यम बना। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

