Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) को लेकर सियासी सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। बता दें इस बीच अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल रोजगार भागीदारी यात्रा लेकर मुगलसराय पहुंचीं। यहां उन्होंने चुनावी रथ के साथ नगर भ्रमण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता हाथों में झंडे लेकर शामिल हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की है।
पूर्व विधायक की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मुगलसराय पहुंचने पर पल्लवी पटेल ने चकिया मोड़ तिराहे पर समाजवादी विचारधारा के नेता एवं पूर्व विधायक गंजी प्रसाद यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रोजगार और युवाओं की भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
पल्लवी पटेल का कहना है कि भारत युवाओं का देश है। ऐसे में युवाओं को रोजगार, सरकारी भर्तियों और आरक्षण में उनका उचित अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में रोजगार के अवसर कम हुए और कई कारखाने बंद होते देखे गए। उनके मुताबिक युवाओं के अवसरों की लूट हुई है।
69 हजार शिक्षक भर्ती और ओबीसी जनगणना पर सवाल
पल्लवी पटेल ने 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े विवाद का मुद्दा उठाते हुए सरकार से सवाल किया कि प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय कब मिलेगा। उन्होंने जनगणना 2027 में ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं होने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जब तक पिछड़े वर्गों की सही संख्या सामने नहीं आएगी, तब तक उनके साथ न्याय कैसे होगा।
60 सीटों पर संगठन मजबूत करने की तैयारी
विधायक ने बताया कि अपना दल (कमेरावादी) प्रदेश के 13 मंडलों की करीब 60 विधानसभा सीटों पर बूथ स्तर तक संगठन तैयार कर रहा है। सपा के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन में रहकर उसे जिताना और सत्ता में लाना महत्वपूर्ण होता है। सीटों की संख्या ऊपर-नीचे हो सकती है।
योगी सरकार से मांगा 10 साल का हिसाब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पूर्ववर्ती सरकारों में सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए पल्लवी पटेल ने कहा कि कांग्रेस या समाजवादी पार्टी पर तंज कसने के बजाय सरकार को अपने काम का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पिछली सरकारों ने काम नहीं किया तो जनता ने भाजपा को मौका दिया है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि पिछले 10 वर्षों में कितने युवाओं को नौकरी दी गई? सरकार को इस संबंध में श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। पल्लवी पटेल ने कहा कि युवाओं को रोजगार और अवसर दिए बिना 2027 में दोबारा सत्ता हासिल करना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा।
ये भी पढ़ें: खरगे की इमरान मसूद को नसीहत, कहा- बयानबाजी छोड़कर काम करें

