Site icon UP की बात

गोरखपुर में विकास की रफ्तार तेज, CM योगी ने किया 14.33 करोड़ के ब्रिज का लोकार्पण

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तारामंडल क्षेत्र में वाटर बॉडी पर बने 14.33 करोड़ रुपये की लागत के टूलेन ब्रिज का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 2017 के बाद गोरखपुर में व्यापक विकास हुआ है और अब शहर तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि विकास कार्यों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी समाज को निभानी चाहिए, ताकि इनका लाभ लंबे समय तक मिलता रहे।

उन्होंने कहा कि पहले गोरखपुर की पहचान असुरक्षा और अव्यवस्था से जुड़ी थी, लेकिन अब यहां निवेश, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है। गीडा क्षेत्र में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। आज शहर में फोरलेन और सिक्सलेन सड़कों का जाल, एम्स, खाद कारखाना, चीनी मिल, आयुष विश्वविद्यालय, चिड़ियाघर और रामगढ़ताल जैसे पर्यटन स्थलों का विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री ने तारामंडल क्षेत्र को समृद्धि का प्रतीक बताते हुए कहा कि पहले यह क्षेत्र उपेक्षित था, लेकिन अब यहां सबसे महंगी जमीन है और इसे पॉश कॉलोनी के रूप में जाना जाता है। नए ब्रिज के बनने से क्षेत्र की आंतरिक कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को लंबा रास्ता तय करने से राहत मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाटर बॉडी का सौंदर्यीकरण कर इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए, जहां लोग नौकायन और अन्य गतिविधियों का आनंद ले सकें। कार्यक्रम में सांसद Ravi Kishan सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने मजदूरों के साथ संवाद कर उनका सम्मान भी किया।

Exit mobile version