ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में 17 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन होने के बाद सभी राजनीतिक दलों को बूथवार मतदाता सूची की मुद्रित और डिजिटल प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। अब 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और संशोधन कराने के लिए दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।
16 दिसंबर तक कर सकेंगे मतदाता सूची में बदलाव के लिए आवेदन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित तहसील स्थित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, पदाभिहित स्थलों और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी। आम नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में देख सकते हैं।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, अपात्र नाम हटवाने और किसी भी प्रविष्टि में संशोधन के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अन्य संशोधन के लिए नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। ये अभियान 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को चलेंगे। इन दिनों सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे। मतदाता उनसे संपर्क कर नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। वहीं, किसी अपात्र नाम को हटवाने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जाएगा।
इसके अलावा मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि में संशोधन, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने, दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन और निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है। ये फॉर्म संबंधित बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन, जारी हुए हेल्पलाइन नंबर
मतदाता सूची से जुड़ी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ का इस्तेमाल किया जा सकता है। निर्वाचन संबंधी जानकारी और सहायता के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 और 0120-2978702 जारी किए गए हैं। इसके अलावा ECINET ऐप पर उपलब्ध ‘Book a Call with BLO’ सुविधा के जरिए भी संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
गौतमबुद्धनगर में 15.27 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, गौतमबुद्धनगर की तीन विधानसभा सीटों में कुल 15,27,428 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8,34,652 पुरुष, 6,92,729 महिला और 47 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं का विवरण इस प्रकार है:
नोएडा विधानसभा क्षेत्र-61: यहां कुल 5,93,236 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3,27,446 पुरुष, 2,65,779 महिला और 11 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
दादरी विधानसभा क्षेत्र-62: यहां कुल 6,17,352 मतदाता हैं। इनमें 3,34,483 पुरुष, 2,82,839 महिला और 30 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
जेवर विधानसभा क्षेत्र-63: यहां कुल 3,16,840 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,72,723 पुरुष, 1,44,111 महिला और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
युवाओं और महिलाओं का नाम जोड़ने पर विशेष जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए बीएलओ और सुपरवाइजरों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया जा रहा है।
इसके साथ ही मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मतदाता जागरूकता के लिए आरडब्ल्यूए, एओए, औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों, बार एसोसिएशन, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा।
राजनीतिक दलों से भी मांगा गया सहयोग
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूची का अवलोकन करें और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करें।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, जिलामंत्री पंकज झा, सपा जिला प्रभारी अनूप तिवारी, बसपा जिला महासचिव राजकुमार गुर्जर, जिलाध्यक्ष लखमी सिंह, विधानसभा संयोजक मुकेश राठी, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष दिलदार अंसारी और उपाध्यक्ष यतेंद्र शर्मा मौजूद रहे।
इसके अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, एसडीएम दादरी अरुण कुमार, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता और एसडीएम जेवर दुर्गेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और समावेशी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

