नोएडा: जनगणना-2027 के तहत नोएडा में 16 नवंबर से स्वगणना (Self Enumeration) अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने स्वयं और अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करके किया।इस अवसर पर सांसद और CEO ने नोएडा के सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। स्वगणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
1 दिसंबर से घर-घर होगी जनगणना, 2,350 प्रगणक तैनात
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदकों को एक स्वगणना पहचान संख्या यानी SE ID मिलेगी। इस पहचान संख्या को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, क्योंकि 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले जनगणना प्रगणकों को यह संख्या उपलब्ध करानी होगी।चार्ज अधिकारी नोएडा इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के लिए नोएडा में 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। ये कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। स्वगणना अभियान के दौरान भी कर्मचारी अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नोएडा में रहने वाला कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए और किसी की जानकारी दो बार दर्ज न हो। नोएडा में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय या अन्य कार्य करने वाले लोगों की गणना भी नोएडा में ही की जाएगी।
जनगणना में दर्ज व्यक्तिगत जानकारी रहेगी गोपनीय
चार्ज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 नवंबर 2026 तक अपनी और अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूरी करें। साथ ही घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि जनगणना-2027 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

