गौतमबुद्धनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली एकता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान एडीएम अजीत कुमार ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता को मजबूत करने और समाज में आपसी भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने की ली प्रतिबद्धता
शपथ ग्रहण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार पटेल के विचारों एवं आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और सत्यनिष्ठा से करने की प्रतिबद्धता जताई।
कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

