Site icon UP की बात

सांसद रवि किशन ने चलाया स्वच्छता अभियान, दिया स्वच्छ भारत का संदेश

गोरखपुर : मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत गोरखपुर के नौका विहार पर आज सदर सांसद रवि किशन ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त समाज और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने की अपील की।

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत गोरखपुर के नौका विहार पर सदर सांसद रवि किशन ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया। सांसद ने स्वयं सफाई कर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सांसद रवि किशन ने कहा कि नौका विहार और अन्य पर्यटन स्थलों पर आने वाले लोग कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें और प्लास्टिक का इस्तेमाल कम से कम करें। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक और अन्य कचरा जलाशयों में पहुंच जाता है, जिससे जलीय जीवों को नुकसान होता है और पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। जो लोग नौका विहार घूमने आते हैं, वे गंदगी न फैलाएं। प्लास्टिक का उपयोग कम करें और कचरा केवल कूड़ेदान में डालें। स्वच्छता के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही हैं, इसलिए हम सबका भी दायित्व बनता है कि अपने आसपास सफाई बनाए रखें।

सांसद ने रेडी-पटरी दुकानदारों से भी अपील की कि वे अपने ग्राहकों को कूड़ेदान का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकार का नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। रवि किशन ने बताया कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर योग दिवस तक हम लोग मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने की खुशी मनाएंगे। पर्यावरण को बचाने के लिए व्यापक अभियान चलेगा और करोड़ों पेड़ लगाए जाएंगे।

सांसद रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने देश की माताओं और बहनों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं ने महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा प्रदान की है। पहले गांवों में शौचालय नहीं होते थे और माताओं-बहनों को खुले में जाना पड़ता था। प्रधानमंत्री जी ने शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। इसके लिए मैं और देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा।

Exit mobile version