नोएडा प्राधिकरण की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। प्राधिकरण क्षेत्र के कई गांवों में करीब 11.49 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इस दौरान गांवों में सड़क, नाली, पुस्तकालय, चौपाल, बारातघर और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी गई।
7 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर और दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान 391.04 लाख रुपये यानी करीब 3.91 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं 758.38 लाख रुपये यानी करीब 7.58 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।लोकार्पण किए गए कार्यों में ग्राम छपरौली और दोस्तपुर मंगरौली में सीसी रोड और नाली निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा सेक्टर-141 स्थित ग्राम शाहदरा में सीसी रोड, नालियों, कलवर्ट और अन्य मिश्रित विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं।
वहीं शिलान्यास किए गए कार्यों के तहत याकूतपुर में सीसी रोड और नाली का अनुरक्षण कराया जाएगा। दोस्तपुर मंगरौली में पुस्तकालय और चौपाल का निर्माण किया जाएगा। छपरौली में आरसीसी नाले का निर्माण होगा, जबकि मोहियापुर की आंतरिक गलियों में सीसी पेवमेंट और नालियों से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।इसके साथ ही सेक्टर-143 के ग्राम गढ़ी में बारातघर का अनुरक्षण और सेक्टर-141 के ग्राम शाहदरा में कलवर्ट के पुनर्निर्माण, सीसी सड़क की मरम्मत तथा एमएस जाल लगाने का काम भी प्रस्तावित है।
नोएडा प्राधिकरण के अनुसार इन विकास कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और स्थानीय लोगों की जरूरतों को पूरा करना है। ये कार्य ग्रामीणों की मांग और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कराए जा रहे हैं।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

