गोंडा: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने गोंडा के एक दिवसीय दौरे के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। तिर्रे मनोरमा पारासराय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशीष पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने ससुराल में भी अपनी मां के नाम पौधा लगा सकती हैं। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि लोगों को मां के साथ-साथ अपने पिता के नाम पर भी पौधे लगाने चाहिए।
मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने एक बड़ी चुनौती है और वृक्षारोपण इसके समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि गोंडा जिले के लोग इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और इसे जनआंदोलन का रूप देंगे।
मीडिया से बातचीत में आशीष पटेल ने कहा कि उन्होंने स्वयं अपनी मां के नाम एक पौधा लगाया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़े आंदोलन का रूप लेते हैं।
दिल्ली के मालवीय नगर में हुए अग्निकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने इसे बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में भी इस प्रकार की कोई लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए आशीष पटेल ने कहा कि अखिलेश यादव को पहले अपने राजनीतिक प्रदर्शन पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनावों में जनता ने अपना फैसला दे दिया है और लगातार एनडीए को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को जनता द्वारा दिए गए जनादेश पर आत्ममंथन करना चाहिए।

