Site icon UP की बात

Noida: नोएडा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई… 33 वाहन जब्त, 12.39 लाख रुपये का जुर्माना, यमुना किनारे मिले पुख्ता सबूत

यमुना नदी में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नोएडा समेत जनपद गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन और परिवहन करते पाए जाने पर 33 वाहनों को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में कुल 12 लाख 39 हजार 730 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

दिसंबर 2025 में चला विशेष अभियान

जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी ने जानकारी दी कि दिसंबर 2025 के दौरान जेवर, दादरी, दनकौर और कासना सहित कई क्षेत्रों में अवैध खनन के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बालू के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़ा गया और नियमानुसार जब्ती व जुर्माने की कार्रवाई की गई।

नोएडा प्राधिकरण CEO के निरीक्षण के बाद तेज हुई कार्रवाई

तीन दिन पूर्व नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम ने यमुना से जुड़े सेक्टरों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान एक्सप्रेसवे के पास बड़ी संख्या में बालू से भरे ट्रक खड़े पाए गए। इस पर सीईओ ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

रायपुर खादर में खनन पट्टे की जांच, FIR दर्ज

सीईओ के निर्देशों के क्रम में डिप्टी कलेक्टर गौतम बुद्ध नगर, तहसीलदार दादरी एवं खान अधिकारी द्वारा ग्राम रायपुर खादर, तहसील दादरी स्थित खनन पट्टा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। जांच में नदी की जलधारा के भीतर अवैध खनन के स्पष्ट प्रमाण मिले। प्रशासन ने मौके पर 5 लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया और संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यमुना नदी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। आगे भी लगातार निरीक्षण और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Exit mobile version