संभल में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुन्नौर तहसील क्षेत्र के बबराला स्थित ग्राम बाघाऊ में कथित रूप से सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी तैनात रही।
प्रशासन के अनुसार राजस्व अभिलेखों और जांच के दौरान संबंधित भूमि को सरकारी भूमि पाया गया था, जिस पर अवैध निर्माण किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण का निर्णय लिया गया। सुबह से ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
दोपहर में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत, उपजिलाधिकारी गुन्नौर विकास चंद्र, नायब तहसीलदार अनुज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में बुलडोजर ने कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई से पहले मजार की देखरेख कर रहे व्यक्ति द्वारा प्रशासन के निर्देशों के अनुसार वहां मौजूद सामान को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। इसके बाद बुलडोजर के जरिए निर्माण को हटाते हुए भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया।
गौरतलब है कि पूरी कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध या तनाव देखने को नहीं मिला। प्रशासन की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। हालांकि कार्रवाई को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे रहे।
प्रशासन का कहना है कि जनपद में सरकारी भूमि पर किए गए सभी अवैध कब्जों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण किसी भी स्वरूप में हो, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाघाऊ गांव में हुई यह कार्रवाई संभल जिले में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

