Site icon UP की बात

माघ मेला 2027 में 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

माघ मेला 2027 में 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

माघ मेला 2027 में 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

Uttar Pradesh News: संगम की रेती पर आयोजित होने वाले माघ मेला-2027 (Magh Mela 2027) को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रयागराज पुलिस (Prayagraj Police) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें इस बार मेले की सुरक्षा व्यवस्था में शारीरिक रूप से फिट और शाकाहारी पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता दी जाएगी। खास तौर पर 50 वर्ष से कम उम्र के जवानों की तैनाती पर जोर रहेगा। वहीं, सात्विक विचार रखने वाले पुलिसकर्मियों को उनकी मांग पर मेला ड्यूटी में शामिल किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का मुख्या उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

19 थाने और 55 पुलिस चौकियों से होगी निगरानी

माघ मेला 14-15 जनवरी 2027 से शुरू होकर छह मार्च को महाशिवरात्रि तक चलेगा। जिसमें करीब 52 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत की जाएगी। इस बार 17 की जगह 19 अस्थायी थाने और 42 के बजाय 55 पुलिस चौकियां स्थापित होंगी। इनमें जल पुलिस की पांच चौकियां भी शामिल रहेंगी।

डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। सिविल पुलिस के साथ पीएसी, आरएएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड, यूपी एटीएस और खुफिया एजेंसियां भी मोर्चा संभालेंगी। जवानों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई जाएगी।

400 से ज्यादा कैमरों से होगी निगरानी

मेले में सुरक्षा और निगरानी के लिए 400 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे (CCTV Cameras) लगाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन और शहर में पहले से लगे 1152 कैमरों की मदद भी ली जाएगी। आग से बचाव के लिए 22 फायर स्टेशन और 20 फायर वॉच टावर बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 16 साइबर हेल्प डेस्क और 16 महिला हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहेंगी।

10 दिसंबर से पहुंचने लगेगा पुलिस बल

पुलिस प्रशासन के अनुसार, 10 दिसंबर तक कुल पुलिस बल का 50% हिस्सा प्रयागराज पहुंच जाएगा। इसके बाद बाकी जवानों को 10 और 40 प्रतिशत के चरणों में बुलाया जाएगा। इस बार कुंभ और पिछले माघ मेलों में ड्यूटी कर चुके अनुभवी पुलिसकर्मियों को भी प्राथमिकता मिलेगी।

भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियां

बता दें रविवार को संगम क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और पुलिस ध्वज स्थापना के साथ सुरक्षा तैयारियों की औपचारिक शुरुआत हुई। पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पूजन किया। इस दौरान अस्थायी पुलिस लाइन बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। मेले का आयोजन करीब 925 हेक्टेयर क्षेत्र में आठ सेक्टरों में होगा। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए नौ पांटून पुल और करीब डेढ़ लाख वाहनों की पार्किंग के लिए 42 स्थल तैयार किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियां हुई शुरू, भूमि पूजन हुआ संपन्न

 

Exit mobile version