Uttar Pradesh News: झांसी-प्रयागराज खंड स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। बता दें झांसी में स्थित बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज के कोठारी हॉल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतों की गिनती की जा रही है। दरअसल मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्र पर टिकी हुई हैं।
14 टेबलों पर 27 राउंड में होगी मतगणना
जानकारी के लिए बता दें झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज में बनाए गए मतगणना केंद्र पर वोटों की गिनती के लिए कुल 14 टेबल लगाई गई हैं। प्रशासन िका कहना है कि मतगणना की प्रक्रिया 27 राउंड में पूरी की जाएगी। प्रत्येक राउंड के साथ चुनाव परिणाम की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है। मतगणना केंद्र पर प्रशासनिक अधिकारी और प्रत्याशियों के प्रतिनिधि मौजूद हैं, जो पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं।
सुरक्षा के लिए 600 पुलिसकर्मी तैनात
दरअसल मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिसमें केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतगणना के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। साथ ही, प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
10 जिलों के मतों की हो रही गिनती
झांसी-प्रयागराज खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 10 जिलों के मतों की गिनती झांसी में की जा रही है। इसमें झांसी, प्रयागराज और चित्रकूट मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के मत शामिल हैं। मतगणना पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्नातक एमएलसी चुनाव में किस प्रत्याशी को जीत हासिल होती है। वहीं, इस बीच भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर और झांसी के जिलाधिकारी गौरांग राठी के बयान भी इस चुनावी अपडेट का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें मतगणना के अंतिम परिणाम पर टिकीं हुई हैं।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/barabanki-mentha-traders-income-tax-raid-fatehpur-masauli-latest-news/

