Uttar Pradesh News: जेवर एयरपोर्ट के आसपास तेजी से विकसित हो रही यमुना सिटी (Yamuna City) अब औद्योगिक क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश को एक बड़ा औद्योगिक निवेश मिला है। बता दें यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में 1,220 करोड़ रुपये की लागत से ट्रैक्टर निर्माण फैक्ट्री स्थापित की जाएगी। साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास किया।
आपकी जानकारी के लिए बता दें इस फैक्ट्री का निर्माण सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया जाएगा। इसके लिए यमुना सिटी के सेक्टर-8D में करीब 100 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है। यहां कंपनी के न्यू हॉलैंड ब्रांड (New Holland Brand) के ट्रैक्टरों का निर्माण होगा। इस परियोजना को जेवर और आसपास के इलाकों में औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
3,200 लोगों को मिलेगा रोजगार
ट्रैक्टर फैक्ट्री (Tractor Factory) के निर्माण से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। परियोजना के तहत करीब 1,200 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और अन्य सहायक गतिविधियों के माध्यम से लगभग 2,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिल सकता है। इस तरह कुल 3,200 लोगों के लिए रोजगार के अवसर विकसित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी फायदा मिल सकता है।
हर साल तैयार होंगे 20 हजार ट्रैक्टर
कंपनी की योजना के अनुसार, फैक्ट्री का पहला चरण वर्ष 2028 के मध्य तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके संचालन में आने के बाद कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता में करीब 20 हजार ट्रैक्टर का अतिरिक्त इजाफा हो सकता है। इससे देश में ट्रैक्टर निर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ कृषि उपकरणों के उत्पादन क्षेत्र में भी भारत की क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है।
औद्योगिक हब के रूप में विकसित होगी यमुना सिटी
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar International Airport) के निर्माण के साथ यमुना सिटी में निवेश की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट आने से क्षेत्र में परिवहन, कलपुर्जों की आपूर्ति, छोटे कारोबार और लॉजिस्टिक्स जैसी गतिविधियों को भी गति मिल सकती है। कुल मिलाकर, 1,220 करोड़ रुपये की यह ट्रैक्टर फैक्ट्री यमुना सिटी के औद्योगिक विकास की दिशा में एक अहम कदम है। आने वाले वर्षों में जेवर क्षेत्र रोजगार, निवेश और मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है।
ये भी पढ़ें: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक निवेश को मिल रही रफ्तार

