Jalaun Election 2026: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से हर एक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दरअसल शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर की मौजूदगी में 33 पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन कार्यालय से रवाना कर दिया गया है। बता दें कि प्रशासन ने मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
20,999 स्नातक मतदाता करेंगे मतदान
जालौन में स्नातक MLC चुनाव के लिए कुल 20,999 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए जिले में मतदान के लिए 24 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 33 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान स्थलों के लिए रवाना करते हुए निर्वाचन संबंधी सभी जरूरी निर्देश दिए गए। मतदान कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
470 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
वहीं, मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 470 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी और बेहतर समन्वय के लिए पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
मतदेय स्थल पर तैनात रहेंगे माइक्रो ऑब्जर्वर
मिली जानकारी के मुताबिक, मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर पीठासीन अधिकारी, प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा सभी 33 मतदेय स्थलों पर माइक्रो ऑब्जर्वर (Micro-Observer) भी नियुक्त किए गए हैं, जो मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। जिला प्रशासन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान कराने के लिए तैयार है। अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर समय से पहुंचकर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/sitapur-vidhan-parishad-election-polling-parties-latest-news/

