बागपत के ऐतिहासिक पुरा महादेव परशुरामेश्वर मंदिर पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर कांवड़ यात्रा की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर आयोजन को पूरी जिम्मेदारी से संपन्न करती है, जबकि पिछली सरकारें ऐसा नहीं कर पाती थीं। पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सपा जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करती है और सत्ता में आने पर लूट-खसोट को बढ़ावा देती है।
स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया कि भाजपा सरकार में योजनाएं हर नागरिक तक पहुंच रही हैं। उन्होंने पक्के मकान, बिजली और पानी की बेहतर उपलब्धता का उल्लेख करते हुए बताया कि लखनऊ से एटा की दूरी, जो पहले कई घंटों में तय होती थी, अब ढाई से तीन घंटे में पूरी हो जाती है।
उन्होंने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित हैं और कानून का राज स्थापित हुआ है। प्रदेश में सभी धार्मिक त्यौहार – चाहे हिंदू हों या मुस्लिम शांति और सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं।
श्रावण मास की महत्ता पर बोलते हुए मंत्री ने बताया कि वह हर वर्ष इस मंदिर पर आकर भगवान शिव से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। उनके अनुसार, सरकार का लक्ष्य सभी को सुरक्षा, सम्मान और विकास का लाभ पहुंचाना है।