Site icon UP की बात

शाहजहांपुर में गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ा, डीएम ने संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण

शाहजहांपुर में गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ा, डीएम ने संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण

शाहजहांपुर में गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ा, डीएम ने संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण

शाहजहांपुर। गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ नदी के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निर्माणाधीन पुल और तटबंध का लिया जायजा

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन पुल, डैम रोड और अजीजगंज तटबंध समेत अन्य संवेदनशील स्थलों की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बाढ़ से निपटने के लिए तैयारियां तेज

डीएम ने संबंधित विभागों को बाढ़ की आशंका को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ शरणालयों को सक्रिय रखने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है।

नदी के किनारे जाने से बचने की अपील

प्रशासन ने जिले के लोगों से नदी के किनारे, घाटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। खासतौर पर बच्चों और मवेशियों को जलभराव एवं नदी के आसपास के जोखिम वाले इलाकों से दूर रखने की सलाह दी गई है।

जरूरी सामान सुरक्षित रखने की सलाह

संभावित आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने लोगों से आवश्यक दस्तावेज, नियमित दवाइयां और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित रखने की अपील की है। लोगों को इन्हें ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर परेशानी न हो।

अफवाहों से बचें, आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें

जिला प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन के मुताबिक बाढ़ या जलस्तर से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा किया जाना चाहिए। प्रशासन की टीमें नदी के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

 

Exit mobile version