गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के सेक्टर-13 में 42.50 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वे लगभग 208 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की भी सौगात देंगे। यह कॉम्प्लेक्स एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्लग एंड प्ले मॉडल से उद्योगों को मिलेगा लाभ
फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स को प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित किया गया है, जहां उद्यमी बिना किसी देरी के सीधे उत्पादन कार्य शुरू कर सकेंगे। यहां इंडस्ट्रियल और यूटिलिटी ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें कुल 120 यूनिट्स की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे रेडीमेड गारमेंट, आईटी और फार्मा जैसे क्षेत्रों में नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
करीब 1000 लोगों को मिलेगा रोजगार
इस परियोजना से लगभग 1000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही बैंक, गोदाम और अन्य व्यावसायिक सुविधाओं के लिए भी स्थान निर्धारित किया गया है, जिससे उद्योगों को समग्र सपोर्ट सिस्टम मिल सकेगा।
गीडा में 71 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा क्षेत्र में सड़क, नाली, बिजली, सीवरेज, वेस्ट मैनेजमेंट और वाटर ट्रीटमेंट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े 71 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इन कार्यों पर लगभग 208 करोड़ रुपये की लागत आई है।
श्रमिकों के लिए आवासीय योजना का शुभारंभ
सीएम योगी गीडा सेक्टर-11 में कामगारों के लिए बनाए गए ईडब्ल्यूएस और एलआईजी आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। इस योजना के तहत 96 फ्लैट्स बनाए गए हैं, जिनका आवंटन ई-लॉटरी के माध्यम से श्रमिकों को किया गया है। परिसर में पार्क, सामुदायिक केंद्र और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे श्रमिकों को कार्यस्थल के पास ही आवासीय सुविधा मिल सके।

